फरीदाबाद, 8 जनवरी ( धमीजा ) : एक नाबालिग शूटर ने कोच पर रेप के आरोप का मामला गरमा गया है , इस मामले में आरोपी शूटर कोच को सस्पेंड कर दिया गया है। शूटर का कहना है कि कोच ने उसकी परफॉर्मेंस पर बात करने के बहाने फरीदाबाद के एक होटल के रूम में बुलाकर उसके साथ रेप किया। इस घटना के बारे में किसी को बताने पर उसका करियर खत्म करने की भी धमकी दी।
नाबालिग करीब 21 दिनों तक सदमे में रही। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी घटना बताई। 6 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फरीदाबाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच के लिए होटल के स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
उधर, मामले में संज्ञान लेते हुए नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने आरोपी कोच अंकुश भारद्वाज को सस्पेंड कर दिया है। एसोसिएशन का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं होगी, अंकुश सस्पेंड रहेंगे।
घटना के बाद सदमे में रही खिलाड़ी, माँ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज
परिवार का कहना है कि इस हादसे के बाद उनकी बेटी किसी से बात नहीं करती थी। अपनी प्रैक्टिस पर भी ध्यान नहीं दे पा रही थी। करीब 21 दिनों तक उसने परिवार से यह बात छिपाए रखी। मां ने बताया कि हिम्मत करके उसने मुझे सारी बात बताई। पीड़ित 2017 से शूटिंग की प्रैक्टिस कर रही है, जबकि जुलाई 2025 से ही कोच अंकुश के पास ट्रेनिंग शुरू की थी।
फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल यादव ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। होटल से सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। होटल के कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। लड़की की काउंसिलिंग भी कराई जाएगी।
इससे पूर्व भिवानी की शूटर से भी हुई रेप की वारदात …
फरीदाबाद की इस नाबालिग शूटर के साथ वारदात होने से पहले ऐसा ही एक मामला भिवानी की शूटर के साथ भी हो चुका है। फरीदाबाद के होटल में भिवानी की 22 वर्षीय लेडी शूटर के साथ भी रेप हुआ था। जिस होटल में शूटर के साथ रेप हुआ, उसमें पहले पार्टी हुई। जिसमें राजस्थान की एक महिला शूटर ज्योति, उसका हरियाणवी बॉयफ्रेंड गौरव और उसका दोस्त सतेंद्र भी थे। इसी दौरान भिवानी की शूटर को कुछ नशीला पदार्थ पिलाया गया।
शराब पार्टी करीब 9 बजे हुई, जबकि लोकल पुलिस को तड़के 3 बजे कॉल की गई। यह कॉल पीड़िता ने ही की। ऐसे में अंदाजा है कि करीब 6 घंटे मदहोश रहने के बाद जब उसे होश आया तो उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
यही नहीं, उसने हिम्मत दिखाते हुए सहेली शूटर समेत तीनों आरोपियों को होटल के कमरे में ही लॉक कर दिया। जिन्हें बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। सराय ख्वाजा पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज व रिकॉर्ड भी चेक किए हैं, जिसमें सामने आया है कि चारों एक कार में होटल में पहुंचे थे।
