कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में संपन्न बैठक उपरांत सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, कर्मचारियों की प्रमुख मांगें की स्वीकार 

फरीदाबाद, 15 मई ( नवीन धमीजा ) : हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में राज्य सरकार और सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई सार्थक एवं सकारात्मक वार्ता के बाद पिछले 13 दिनों से जारी हड़ताल समाप्त हो गई। हरियाणा निवास में आयोजित लंबी बैठक में कर्मचारियों की लगभग सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनी, जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता सहित कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सरकार ने कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बनी सहमति के अनुसार ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 15,220 रुपये किया जाएगा। कर्मचारियों को ईएसआई और ईपीएफ जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा वेतन सीधे बैंक खातों में भेजा जाएगा। किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार का लाइसेंस रद्द करने की व्यवस्था भी की जाएगी।

इसके अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को तेल और साबुन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। फरीदाबाद के 111 कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों को नियमित करने पर सहमति बनी है। युक्तिकरण के तहत चार से साढ़े चार हजार नए पद सृजित किए जाएंगे, जिससे सैकड़ों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

सरकार ने कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करते हुए मृत्यु सहायता राशि को तीन लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का निर्णय लिया है। साथ ही आश्रितों के लिए 25 वर्ष की आयु सीमा की शर्त समाप्त की जाएगी ताकि जरूरतमंद परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।

ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में राहत देने के साथ-साथ भर्ती के लिए निकाले गए कुछ पद वापस लेकर पालिकाओं में कार्यरत रोल कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे लगभग 13 हजार कर्मचारियों को लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है, जहां प्रत्येक वर्ग के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि राज्य की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित रखने में सफाई कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है और सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ सरकार का यह संवाद अत्यंत सकारात्मक और सार्थक रहा, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ। सरकार अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करते हुए कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा लगातार करती रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र को लेकर लोककल्याण के मार्ग पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी नीतियों और संवेदनशील कार्यशैली का ही परिणाम है कि निकाय चुनावों में प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देकर विकास की राजनीति पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।

Please follow and like us:
error1
fb-share-icon20
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)