भाजपा अध्यक्ष व संगठन मंत्री फिर विफल हुए फरीदाबाद नगर निगम के डिप्टी व सीनियर डिप्टी मेयर की रायशुमारी बनाने पर, प्रदेश के अन्य निगमों के चुनाव में बना मुद्दा 

फरीदाबाद, 23 अप्रैल ( धमीजा ) : भाजपा की आपसी गुटबाजी और अंतर्कलह के चलते एक बार फिर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष फरीदाबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर बनाने के मामले में सहमति के लिए पार्षदों को एकजुट नहीं कर पाए। आनन फानन में बुलाई गई पार्षदों की बैठक में भाजपा के 39 में से 33 पार्षद पहुंचे जिनमे से ज़्यादातर बायकाट कर वहां से निकल गए और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बढ़ौली को खाली हाथ वहां से लौटना पड़ा। इस मामले में भाजपा की खासी फजीयत हो रही है। निगम चुनाव हुए एक साल से भी ज़्यादा हो चुका है लेकिन जिले में पार्टी के बड़े नेताओं की गुटबाजी के चलते सदन पूरा नहीं हो पा रहा है। 
फरीदाबाद नगर निगम के चुनाव पिछले वर्ष मार्च में हो गए थे। जहाँ मेयर के डायरेक्ट चुनाव हुए और जनता ने भाजपा की परवीन बत्रा जोशी को एकतरफा जीत दिलाई थी और 46 में से 39 पार्षद भाजपा के जीत कर आये। 6 निर्दलीय और कांग्रेस को मात्र एक सीट मिली। इतने भारी बहुमत के बावजूद भी भाजपा डिप्टी मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर नहीं बना पाई और इनके बिना फाइनेंस कमेटी गठित नहीं हो सकती। बिना फाइनेंस कमेटी के बहुत सारे विकास कार्य अधर में लटके हैं। हरियाणा के सोनीपत , अम्बाला और पंचकूला में नगर निगम के चुनाव हो रहे हैं। वहां कांग्रेस सहित विपक्ष ने मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है कि भाजपा फरीदाबाद में अपने डिप्टी व सीनियर डिप्टी मेयर तक नहीं बना पा रही है। इसके चलते पार्टी ने आनन फानन में आज फरीदाबाद में भाजपा पार्षदों की मीटिंग बुलाई और बिना निर्णय के प्रदेश अध्यक्ष को जाना पड़ा।  प्राप्त जानकारी के अनुसार आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बढ़ौली की अध्यक्षता में बुलाई गई बैठक में भाजपा के 33 पार्षद सेक्टर 16 ए स्थित सर्किट हाउस में पहुंचे थे। पार्षदों की सामूहिक बैठक के बाद श्री बढ़ौली व प्रदेश के संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा सर्किट हाउस के एक कमरे में बैठ गए ताकि एक एक पार्षद को बुलाकर ये अधिकार पार्टी को देने के लिए हस्ताक्षर करवा लें। शुरू में करीब 13 पार्षदों ने तो हस्ताक्षर कर दिए लेकिन तभी पार्षदों के फोनों की घंटी घनघनाने लगी और बाकी पार्षद वहाँ से गाड़ियों में बैठ रफ्फूचक्कर हो गए। उनका कहना था कि ये फैसला निगम की सदन की बैठक में ही होगा। आज की इस एक्सरसाइज के बाद भी कोई परिणाम नहीं निकल पाया और प्रदेश अध्यक्ष व संगठन मंत्री को खाली हाथ वापिस लौटना पड़ा। आज की इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्षदों के अलावा भाजपा के जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल तथा पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा भी मौजूद थे।   

Please follow and like us:
error1
fb-share-icon20
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)