फरीदाबाद, 22 मार्च ( धमीजा ) : हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस नेताओं की अदरुनी खींचतान सावर्जनिक मंच पर भी सामने आने लगी है। ऐसा ही एक मामला रविवार को पंचकूला में सामने आया। जहां बिश्नोई भवन में पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में कुमारी सैलजा ने कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रधान रामकिशन गुर्जर की नमस्ते तक नहीं ली और उन्हें नज़रअंदाज़ कर दिया।
दूसरी तरफ हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल को परिवार की नाराजगी भी झेलनी पड़ रही है। उनके बेटे नाजिम चौधरी ने अपने पिता के खिलाफ बगावत कर दी है , उन्होंने कहा-पिता ने कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है, मैं उनके साथ रिश्ता तोड़ रहा हूं। दूसरी तरफ सरकार ने विधायक इसराइल की सुरक्षा अचानक बढ़ा दी है। हरियाणा पुलिस ने उनकी सुरक्षा में पुलिस के 6 जवान तैनात किए हैं। पायलट गाड़ी में उनके साथ 4 सुरक्षाकर्मी रहेंगे, जबकि 2 सुरक्षाकर्मी उनके हथीन स्थित आवास पर तैनात किए गए हैं। पहले उनके पास 2 PSO पहले से ही थे। शनिवार को फरीदाबाद के हथीन में उनके आवास पर जिले के कई अधिकारी भी ईद पर पहुंचे थे।
इधर, बेटे नाजिम चौधरी ने पिता से ही बगावत कर दी है। नाजिम यूथ कांग्रेस में प्रदेश सचिव हैं। एक चैनल को दिए इंटरव्यू में नाजिम ने कहा 
मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं। हमेशा पार्टी के साथ रहूंगा। पिता ने क्रॉस वोटिंग कर कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया है।
ईद पर DC और SP पहुंचे एमएलए इजराइल के घर और दिए फूलों के बुक्के
ईद के मौके पर पलवल डीसी हरीश कुमार वशिष्ठ और एसपी वरुण सिंगला विधायक इसराइल के हथीन स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक को ईद की बधाई दी। हालांकि इस दौरान विधायक के साथ 6 पुलिसकर्मी तैनात रहे। चर्चा है कि अधिकारी विधायक से सिक्योरिटी को लेकर बातचीत करने आए थे। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें बुके भी भेंट किए।
बेटे ने बाप और चाचा से तोड़ा नाता, बोला दौलत – शोहरत ठुकरा रहा हूँ

नाजिम ने एक इंटरव्यू में कहा कि उनका परिवार हरियाणा की राजनीति में सालों से सक्रिय है। अब राजनीति में पांचवीं पीढ़ी चल रही है, लेकिन आज तक कोई दाग नहीं लगा। पिता के इस कदम से पूरा परिवार आहत है। पिता से रिश्ता तोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा- समाज और कांग्रेस विचारधारा के लिए यह फैसला लिया है। मेरा घर भले ही टूट गया हो, लेकिन मेरे घर से कोई राहुल गांधी को नहीं हरा सकता, मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के साथ हूं।
नाजिम ने कहा कि पिता से रिश्ता नहीं रखूंगा, उनकी दौलत शोहरत ठुकरा रहा हूं। अब उनके घर में नहीं रहूंगा, अलग घर बनाकर रहूंगा और सिर्फ मां से मिलने एकबार घर जाऊंगा। क्रॉस वोटिंग उन्होंने कहा कि लोग इसके पीछे पैसे, मंत्री पद और परिसीमन के लाभ जैसी चर्चाएं कर रहे हैं। क्रॉस वोट का सच सामने आने के बाद से उनकी पिता से बातचीत बंद है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी साजिश में उनके चाचा DSP एमएस खान की बड़ी भूमिका है, इसलिए उन्होंने उनसे भी नाता तोड़ लिया।
नाजिम ने कहा, जिन 4 विधायकों के वोट रद्द हुए हैं, उनके नाम भी सामने आने चाहिए। विधायकों को वोट डालने की पूरी जानकारी होती है। इस तरह की गलतियां जान बूझकर की जाती है। नाम सामने आने के बाद इन विधायकों के खिलाफ एक्शन होना चाहिए। मेरे पिता के खिलाफ भी एक्शन होना चाहिए। कांग्रेस किसी की मोहताज नहीं है। अगर इनके खिलाफ एक्शन हो जाएगा तो पार्टी के पास हर जगह विकल्प मौजूद है।
कुमारी सैलजा ने रामकिशन गुर्जर से मोड़ा मुँह, किया दरकिनार

आज रविवार को पंचकूला में बिश्नोई भवन में पूर्व सीएम चौधरी भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम था। इसमें सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा बतौर मुख्यातिथि और पंचकूला MLA चंद्रमोहन बतौर अध्यक्ष शामिल हुए। यहां पर कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष व नारायणगढ़ MLA शैली चौधरी के पति रामकिशन गुर्जर भी आए। जब सैलजा कार्यक्रम से निकल रहीं थी तो सभी लोग एक लाइन में खड़े होकर अभिवादन कर रहे थे। जब रामकिशन गुर्जर के पास सैलजा पहुंची तो उन्होंने अचानक से मुंह फेर लिया। उनका अभिवादन तक स्वीकार नहीं किया और आगे निकल गईं।
बता दें कि विधायक शैली चौधरी का नाम उन पांच कांग्रेसी विधायकों में शामिल है, जिन्हें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर शोकॉज नोटिस जारी हुआ है। राज्यसभा चुनाव के दो दिन बाद ही रामकिशन ने हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिस राजनीतिक गलियारों में चर्चा बना हुआ है। बता दें कि रामकिशन गुर्जर कुमारी सैलजा के करीबियों में रहे हैं। मगर, सैलजा उनसे किनारा कर रही हैं।
