फरीदाबाद, 3 मार्च ( नवीन धमीजा ) : हरियाणा सरकार के वर्ष 2026-27 के बजट में किए गए प्रावधानों की जानकारी को जनता तक पहुंचाने के लिए सरकार के मंत्रियों विपुल गोयल तथा राजेश नागर ने अलग-अलग स्थानों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसी कड़ी में भाजपा कार्यालय, फरीदाबाद में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बजट की प्रमुख घोषणाओं की जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आज मंगलवार को बजट पर प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट केवल आय-व्यय का विवरण नहीं है बल्कि यह जनता के विश्वास और भविष्य की मजबूत नींव का दस्तावेज है। कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि यह बजट हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इसमें प्रदेशवासियों के हजारों सुझाव शामिल किए गए हैं।
श्री गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत यह बजट जनभागीदारी की भावना को सशक्त करता है। यह किसी पर थोपे गए निर्णयों का बजट नहीं बल्कि जनता की सहभागिता से निर्मित विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत किया गया 2 लाख 23 हजार 658 करोड़ 17 लाख रुपए का बजट ऐतिहासिक है, जो वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान से 2 लाख 2 हजार 816 करोड़ 66 लाख रुपए यानि 10.28 प्रतिशत अधिक है।
विपुल गोयल ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के विजन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें किसान, युवा, महिला, मजदूर, व्यापारी और आम नागरिक सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है।उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने 93 किलोमीटर लंबे दिल्ली–पानीपत आरआरटीएस कॉरिडोर, जिसकी लागत ₹32,327 करोड़ है, को स्वीकृति दी है। इसके साथ ही 64 किलोमीटर लंबे दिल्ली–फरीदाबाद–नोएडा–जेवर एयरपोर्ट आरआरटीएस कॉरिडोर, जिसकी लागत ₹3,573 करोड़ है, को भी मंजूरी दी गई है। इन दोनों परियोजनाओं से प्रदेश में तेज, सुरक्षित और आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से फरीदाबाद को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के प्रमुख आर्थिक केंद्रों और जेवर एयरपोर्ट से बेहतर और उच्च गति की कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। क्योंकि फरीदाबाद को रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर, फ्लाईओवर, गुरुग्राम-फरीदाबाद ट्रांजिट लिंक का लाभ मिलेगा। उसके साथ ही पूरे फरीदाबाद शहर में पूरी 100 किलोमीटर की सड़क को सशक्त करके स्मार्ट अपग्रेड किया जाएगा।
दो एलिवेटेड रोड बनेंगी, 400 बेड का सरकारी अस्पताल व नया आईएमटी बनाए जाएंगे : विपुल गोयल
मंत्री गोयल ने फरीदाबाद जिले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाओं का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि शहर की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए दो एलिवेटेड रोड बनाए जाएंगे, जिनमें कुल 9 फ्लाईओवर शामिल होंगे। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा फरीदाबाद के सरकारी अस्पताल को 200 बेड से बढ़ाकर 400 बेड का किया जाएगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि फरीदाबाद में एक नया आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) प्रस्तावित है, जो जेवर एयरपोर्ट को जाने वाले ग्रीन हाईवे के आसपास विकसित किया जाएगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
नोएडा व गुरुग्राम से जोड़ने के लिए बजट पास : राजेश नागर

खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने आरआरटीएस परियोजना के तहत गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा को जोड़ने की योजना भी बजट में शामिल है। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और दिल्ली-एनसीआर में यात्रा करना आसान होगा।
मंत्री राजेश नागर ने बल्लभगढ़ रेस्ट हाउस में मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के लिए 9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर स्वीकृत किया गया है, जिसके लिए वे मुख्यमंत्री के आभारी हैं।
यह फ्लाईओवर ग्रेटर फरीदाबाद के बीपीटीपी से सैनिक कॉलोनी तक बनेगा और मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेस-वे को भी जोड़ेगा। इस परियोजना पर लगभग 700 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसमें पांच से अधिक सब-फ्लाईओवर भी बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के बनने से लाखों लोगों को रोजाना आवागमन में सुविधा मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
राजेश नागर ने 4000 नए राशन डिपो अलॉट करने के फैसले का भी स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इनमें से 33 प्रतिशत राशन की दुकानें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, जिससे महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा राइस मिलर्स को पेनल्टी से राहत देने के लिए एकमुश्त भुगतान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें आर्थिक सहूलियत मिलेगी।
