20 से 22 फरवरी को होगा ‘ जश्न ए फरीदाबाद ‘ का ज़ोरदार आयोजन, किशोर कुमार इवनिंग सहित अनेक कार्यक्रम , प्रवेश निशुल्क

फरीदाबाद, 17 फरवरी ( नवीन धमीजा ) : कलपुर्जों के इस शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों व साहित्य को जीवंत रखने वाली संस्था एफएलसीसी ( FLCC ) द्वारा ‘ जश्न-ए-फरीदाबाद-5’ की तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। 20 से 22 फरवरी तक चलने वाले इस तीन दिवसीय समारोह में कई सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। सेक्टर 12 के टाउन पार्क में चलने वाले इन कार्यक्रमों में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। एफएलसीसी ( फरीदाबाद लिटरेरी व कल्चरल सेंटर ) का उद्देश्य शहर में सांस्कृतिक व साहित्यिक गतिविधियों को जीवंत रखना है। वह किसी भी कार्यक्रम में कभी कोई टिकट या शुल्क नहीं रखते ,हमेशा प्रवेश निशुल्क रहता है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष विनोद मालिक का कहना है कि डिजिटल युग में मोबाइल फोन तमाम गतिविधियों को निगल गया है , उन्हें इस बात की पीड़ा है और वह चाहते हैं कि हमारी सांस्कृतक विरासत जीवंत रहे और चलती रहे। इसी उद्देश्य से उनका संगठन कार्यरत है।  

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद के सांस्कृतिक उत्सव ‘जश्न-ए-फरीदाबाद-5’ के आयोजन पर अपनी हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री की ओर से उनके मीडिया सलाहकार राजीव जेतली ने बताया कि बजट की तैयारियों के कारण वे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो पायेंगे परन्तु उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए ढेरों शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। राजीव जेतली ने उनका संदेश साझा किया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में फरीदाबाद साहित्यिक एवंसांस्कृतिक केंद्र (FLCC) द्वारा शहर में कला, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

‘जश्न-ए-फरीदाबाद 5’ की तैयारियों और आयोजन संबंधित जानकारी पत्रकारों को देते हुए संस्थापक प्रधान एवं सांस्कृतिक सचिव विनोद मलिक ने बताया कि इस कार्यक्रम में दर्शकों को साहित्य, संस्कृति व कला  के विविध रंग देखने को मिलेंगे। संस्था के वर्तमान प्रधान नवीन सूद ने बताया कि इस पूरे कार्यक्रम में आम जनता के लिए प्रवेश बिल्कुल निशुल्क (Free Entry) रहेगा ताकि अधिक से अधिक परिवार और युवा इस उत्सव का हिस्सा बन सकें। मीडिया कोऑर्डिनेटर व कोषाध्यक्ष वसु मित्र सत्यार्थी ने बताया यादगार कार्यक्रमों के साथ विशेष आकर्षणों में लाइव बैंड (Live Band) की शानदार प्रस्तुतियाँ, ऊर्जा से भरपूर हरियाणवी नृत्य और लोक संस्कृति की धरोहर रागनी (Ragni) गायन शामिल होंगे। कलाकारों की टोली अपनी कला से समां बांधने के लिए पूरी तरह तैयार है। कार्यक्रम के निदेशक दिनेश रघुवंशी ने कवियों और शायरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर महामंत्री एम एल नंदवानी, कार्यकारिणी सदस्य वी के अग्रवाल, अश्विनी सेठी तथा मोहिंद्र सेठी मौजूद रहे।

20 फरवरी को पुस्तक मेला व किशोर कुमार इवनिंग 

पुस्तक मेला और संगीतमय शाम कार्यक्रम का आगाज 20 फरवरी को सुबह 11 बजे फरीदाबाद पुस्तक मेले के उद्घाटन के साथ होगा। उद्घाटन विभूति नारायण (पूर्व आईपीएस एवं कुलपति, महात्मा गांधी हिंदी विश्वविद्यालय) और डॉ. राजश्री सिंह (आईपीएस) द्वारा किया जाएगा। मेले में देश के प्रतिष्ठित प्रकाशकों के स्टाल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। तीनों दिन चलने वाले पुस्तक मेले में देश के प्रतिष्ठित प्रकाशकों की विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। शाम 6:00 बजे समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर करेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त आयुष सिन्हा और विधायक सतीश फागना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके पश्चात महान गायक किशोर कुमार को समर्पित संगीतमय कार्यक्रम ‘सदाबहार नगमे’ में मुंबई के मशहूर गायक राजेश अय्यर और फरीदाबाद की सैलिब्रिटी व इंडियन आइडल फाइनलिस्ट अंकिता मिश्रा अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। मंच संचालन लाफ्टर चैलेंज के मशहूर हास्य कलाकार प्रदीप पल्लवी करेंगे।
21 को होगी अर्धशास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता तथा नाटक 

21 फरवरी को नृत्य और नाटक के संगम कार्यक्रम में दोपहर 2 बजे 8 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए ‘प्रथम अर्धशास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता’ आयोजित होगी। शाम 6:30 बजे नाटककार हबीब तनवीर के प्रसिद्ध दो हास्यास्पद नाटकों ‘चरणदास चोर’ और ‘ज़रूरत है श्रीमती की’ का मंचन किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्य मंत्री गौरव गौतम और मेयर प्रवीण बत्रा जोशी  विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

22 को कवि सम्मेलन तथा पेंटिंग प्रतियोगिता 

22 फरवरी, अंतिम दिन की शुरुआत सुबह 10 बजे ‘5वीं जीवा फरीदाबाद ओपन पेंटिंग प्रतियोगिता’ से होगी जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चे अपनी चित्रकला प्रतिभा को प्रर्दशित करेंगे। कार्यक्रम का भव्य समापन दिनेश रघुवंशी के निर्देशन में आयोजित ‘अखिल भारतीय कवि सम्मेलन’ से होगा, जिसमें पापुलर मेरठी, शबीना अदीब, अजहर इकबाल, सुरेंद्र सिंह नजर, कुंवर रणजीत चौहान और गजेंद्र प्रियांशु जैसे दिग्गज कवि अपनी प्रस्तुति देंगे।

Please follow and like us:
error1
fb-share-icon20
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com
error

Enjoy this blog? Please spread the word :)