नई दिल्ली , 20 जनवरी ( धमीजा ) : नितिन नबीन भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को इसका आधिकारिक ऐलान हुआ। इसके बाद पीएम मोदी उन्हें पार्टी अध्यक्ष के दफ्तर लेकर गए। हाथ पकड़कर पार्टी अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया। मिठाई खिलाई और उनके परिवार से भी मिले।
बिहार की बांकीपुर सीट से विधायक नितिन नबीन ने आज यानी 20 जनवरी से BJP की जिम्मेदारी पूरी तरह संभाल ली है। 14 दिसंबर 2025 को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन BJP के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं।
नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के बदले सैलरी नहीं मिलेगी, लेकिन वे जिस पार्टी को संभालने जा रहे हैं, वह कमाई, ऑफिस इन्फ्रास्ट्रक्चर और सदस्यों के मामले में कांग्रेस जैसी पार्टियों से मीलों आगे है। BJP ने न सिर्फ हर जिले में ऑफिस बनाए हैं, बल्कि खर्च निकालने के लिए एफडी सिस्टम भी तैयार कर लिया है। कांग्रेस लीडर अजय माकन ने दिसंबर 2025 में राज्यसभा में कहा था कि BJP के अकाउंट में 10,107 करोड़ रुपए हैं। ये रकम कांग्रेस से 75 गुना ज्यादा है।

772 जिलों में भाजपा के कार्यालय या अपनी जमीन
2014 से पहले जिलों में BJP के करीब 200 स्थायी ऑफिस थे। पार्टी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार शुरू किया, तो उसे इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में बहुत जूझना पड़ा। तब पार्टी की कमान मौजूदा गृहमंत्री अमित शाह के पास थी। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने हर जिले में पार्टी का ऑफिस बनाने का प्लान तैयार किया।
अब BJP के पास देश के 772 जिलों में ऑफिस या ऑफिस के लिए रजिस्टर्ड जमीनें हैं। अगले लोकसभा चुनाव से पहले 70 और ऑफिसों के लिए जमीन या बिल्डिंग खरीदने की कार्यवाही पूरी हो जाएगी।
कार्यक्रम में PM मोदी ने उन्हें माला पहनाई, फिर 55 मिनट के भाषण में कहा, ‘मैं BJP का कार्यकर्ता हूं। मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैं। अब वे मेरे काम का आकलन करेंगे।’
नितिन नबीन ने 20 मिनट के भाषण में मोदी की तरफ के बांधे पुल

बतौर अध्यक्ष नितिन नबीन ने पहले भाषण में कहा, ‘राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मेरा निर्वाचन एक साधारण कार्यकर्ता की असाधारण यात्रा को मिला सम्मान है।’ उन्होंने कहा ‘हमने कार्यकर्ता के तौर पर पीएम मोदी के देशसेवा के काम करते हुए देखा। आपको देख कर ही सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुड़ने वाला बना सकता है,वहीं बड़ा शख्स बनता है। आपने कहा था कि हम जो विकास का काम करते हैं। लोग हमसे उम्मीद करते हैं। हमसे जुड़ते हैं।’
‘भाजपा के कार्यकर्ता कुछ नारों को जनसंघ के समय से गढ़ते थे- राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, जहां हुए बलिदान मुखर्जी वह कश्मीर हमारा है, एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेगा। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने वह समय देखा, जब अयोध्या में राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त हुआ। जम्मू-कश्मीर की जनता ने धारा 370 से मुक्ति का दौर देखा। जब हम श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा लहराते हुए देखते हैं, तो गर्व की अनुभूति होती है।
- मोदी ने भाषण में कांग्रेस को बनाया निशाना
- ‘आज देश के सामने बहुत बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है। दुनिया के समर्थ देश भी अपने देश में घुसपैठियों की जांच पड़ताल कर रहे हैं और उनको पकड़-पकड़ कर निकाल रहे हैं। दुनिया में कोई अपने देश में घुसपैठियों को स्वीकार नहीं करता, भारत भी घुसपैठियों को अपने गरीबों, युवाओं के हक लूटने नहीं दे सकता। घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बहुत बड़ा खतरा है, उनकी पहचान करके उन्हें वापस उनके देश भेजना बहुत जरूरी है। इसके अलावा ऐसे राजनीतिक दल जो वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें हमें पूरी शक्ति से जनता के सामने बेनकाब करना होगा।’
- ‘आज देश को याद भी नहीं होगा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से अधिक सीटें मिली थीं और देश ने कांग्रेस को करीब-करीब 50% वोट दिया था, लेकिन आज कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस गई है। कांग्रेस अपने इस घनघोर पतन की कभी समीक्षा नहीं करती, क्योंकि अगर समीक्षा करेंगे और पतन के कारणों पर जाएंगे तो उसी परिवार पर सवाल उठेंगे, जिस परिवार ने कांग्रेस पर कब्जा कर रखा है। और इसलिए बहाने ढूंढते रहते हैं। पतन का सही कारण ढूंढने की हिम्मत तक खो चुके हैं। जो कांग्रेस की बुराइयों से बचेगा, वही देश में आगे बढ़ेगा।’
